देहरादून के राजपुर में सनसनीखेज गोलीकांड, मॉर्निंग वॉक के दौरान रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा गोलीकांड हो गया। स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर कार के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद में चली गोली की चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना

राजपुर थाना से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों और राजपुर पुलिस को अलर्ट किया गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

मसूरी रोड पर हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग की।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को दुर्घटनावश गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पेड़ से टकराई फॉर्च्यूनर, मारपीट भी हुई

फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

जिलेभर में नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर बढ़ती आक्रामकता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *