हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय MBA छात्र ने अपने ही घर के अंदर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गेहूं से भरे नीले रंग के ड्रम में रस्सी के फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिवार से विवाद के बाद कमरे में चला गया था छात्र
पुलिस के अनुसार, गिरिजा विहार फेस-6, कमलुवागांजा मुखानी निवासी दिनेश माहरा एक निजी कॉलेज से MBA द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार रात उसका परिवार के एक सदस्य से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बहस के बाद वह खाना खाकर रात करीब 9 बजे अपने कमरे में चला गया और फिर बाहर नहीं आया।
सुबह मां ने देखा दिल दहला देने वाला मंजर
मंगलवार सुबह जब दिनेश काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसकी मां कुसुम उसे बुलाने गईं। कमरे के पास पहुंचते ही उन्होंने जो दृश्य देखा, उससे उनके होश उड़ गए। सीढ़ी के ऊपर बने रैक पर रखे नीले ड्रम में दिनेश रस्सी के फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फांसी से पहले नस काटने की भी आशंका
मामले की जांच कर रही पुलिस को मृतक के हाथ पर कट के दो निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या से पहले अपनी नस काटने का भी प्रयास किया था।
पुलिस ने शुरू की जांच, मोबाइल फोन जब्त
घटनास्थल से पुलिस को दिनेश का मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मोबाइल डेटा की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।
पिता असम राइफल्स में अधिकारी, परिवार में पसरा मातम
मृतक दिनेश माहरा के पिता असम राइफल्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। दिनेश अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई पीलीभीत में नौकरी करता है। इस घटना के बाद पूरे परिवार में गहरा शोक छा गया है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
थाना मुखानी पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।