Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

हल्द्वानी में मनचलों का सड़क पर आतंक: युवती से छेड़छाड़, युवक से मारपीट; दो आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी : उत्तराखंड के हल्द्वानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां दो मनचलों ने सरेराह करीब 20 मिनट तक युवती और उसके साथी को परेशान किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता, जो रामपुर रोड की निवासी है, ने बताया कि 16 मार्च की रात वह अपनी सहेली के जन्मदिन समारोह में राजपुरा गई थी। रात करीब 10 बजे सहेली का भाई उसे बाइक से घर छोड़ने निकला।

जैसे ही वे रोडवेज स्टेशन के पास स्टेडियम वाली गली में पहुंचे, बुलेट सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने सायरन बजाते हुए उनका पीछा किया और जेल चौराहा के पास बाइक के आगे बुलेट अड़ाकर उन्हें रोक लिया।

इसके बाद आरोपियों ने बाइक चला रहे युवक के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। साथ ही युवती के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ भी की गई।

पीछा कर दहशत फैलाते रहे आरोपी

पीड़िता के अनुसार आरोपी यहीं नहीं रुके। उन्होंने रामपुर रोड स्थित समता आश्रम की गली तक पीछा किया। इस दौरान कई बार सड़क हादसा होने की नौबत भी आई।

जान बचाने के लिए पीड़ित पक्ष ने बरेली रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर एक कार को ओवरटेक कर किनारे छिपकर अपनी जान बचाई। बाद में राहगीरों को घटना की जानकारी दी। लोगों के जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

शहर कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी अजय फर्त्याल (निवासी फतेहपुर) और अजय थापा (निवासी बड़ी मुखानी, पीलीकोठी) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया है।

बताया जा रहा है कि एक आरोपी बाजपुर के एक स्कूल में नौकरी करता है।

पुलिस का बयान

नैनीताल एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़कों पर हुड़दंग और अभद्रता करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *