चारधाम अपडेट: बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकारवार्ता में कई अहम फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ-केदारनाथ समेत समिति के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर सनातनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर परिसर और गर्भगृह में मोबाइल फोन के उपयोग पर भी रोक लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जा रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव
बीकेटीसी की हालिया बैठक में बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में गैर सनातनों के प्रवेश पर रोक सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इस प्रस्ताव को लेकर व्यापक चर्चा भी हुई है।
सीएम धामी का बयान
इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बोर्ड का निर्णय देखने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित कानून, अधिनियम और पौराणिक परंपराओं का अध्ययन किया जाएगा।