जंगल में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जंगल में मिला कई दिन पुराना शव

पुलिस के अनुसार बुधवार को प्रेमनगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि बाला सुंदरी मंदिर के अंदर जंगल की ओर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां एक महिला का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला।

प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब 4 से 5 दिन पुराना हो सकता है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

एसएसपी ने लिया मौके का जायजा

घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।

एसएसपी के निर्देश पर महिला की पहचान और मामले के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं।

सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस

पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *