रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित, दो दिन का बैकलॉग; कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति पर अस्थायी रोक

देहरादून। देहरादून शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। गैस सप्लाई में आई बाधा के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है। हालात को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही गैस बुकिंग नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई केवल आवश्यक सेवाओं को ही की जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरी सेवाओं पर किसी प्रकार का असर न पड़े।

होटल और ढाबा संचालकों की बढ़ी चिंता

कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर रोक लगने से होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे कारोबारियों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। कई होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो उनके कामकाज पर असर पड़ सकता है।

गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक बैकलॉग खत्म होने के बाद जल्द ही गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

कई इलाकों में डिलीवरी के लिए करना पड़ रहा इंतजार

उधर शहर के कई इलाकों में लोगों को गैस सिलिंडरों की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बाद भी सिलिंडर समय पर नहीं पहुंच पा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी K.K. Agarwal ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से बैकलॉग खत्म करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अगले दो दिनों के भीतर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *