Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

गैरसैंण में यूकेडी का विधानसभा घेराव, पुलिस से झड़प के बाद कई कार्यकर्ता हिरासत में

गैरसैंण। भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में बजट सत्र शुरू होने के पहले दिन गैरसैंण में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्थायी राजधानी की मांग, अंकिता भंडारी हत्याकांड और अन्य जनसमस्याओं को लेकर यूकेडी ने विधानसभा घेराव का आह्वान किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी देखने को मिली।

ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में करीब सात महीने बाद धामी सरकार के पहुंचने के बीच यूकेडी कार्यकर्ताओं ने दिवालीखाल क्षेत्र में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़ने लगे।

पुलिस ने पहले ही विधानसभा की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इसके बावजूद कुछ यूकेडी कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर विधानसभा परिसर के पास तक पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को जब पुलिस गाड़ियों में ले जाया जा रहा था, तब अन्य प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को रोक लिया। उन्होंने गाड़ियों में बैठे आंदोलनकारियों को उतारने का प्रयास किया, जिसके चलते मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार का इस्तेमाल किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *