Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

टैक्सी ड्राइवर बना हैवान, नैनीताल में दिल्ली की युवती से दुष्कर्म का प्रयास, रातभर जंगल में छिपकर बचाई जान

नैनीताल। नैनीताल घूमने आई दिल्ली की एक युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपी चालक ने युवती को अगवा कर सुनसान जंगल की ओर ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने युवती के साथ मारपीट भी की। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर युवती नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग गई और पूरी रात डर के साए में जंगल में छिपकर बिताई।

पीड़िता ने बताया कि वह प्रकृति प्रेमी है और अक्सर शांत स्थानों पर घूमने जाती है। इसी कारण वह नैनीताल घूमने आई थी। उसे उम्मीद थी कि पहाड़ों की शांति और यहां के लोगों की सादगी उसे सुकून देगी, लेकिन रास्ते में हुई घटना ने उसे अंदर तक झकझोर दिया।

नशे में था टैक्सी चालक, फोन भी छीन लिया

युवती के अनुसार उसने गुरुवार को हल्द्वानी निवासी टैक्सी चालक दीपक बोरा की गाड़ी किराए पर ली थी। नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले आरोपी ने कार को पटवाडांगर मार्ग पर जंगल की ओर मोड़ लिया। युवती के विरोध करने पर उसने कार तेज गति से आगे बढ़ा दी और करीब दो किलोमीटर आगे ले जाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की। इस दौरान उसने युवती का फोन भी छीन लिया। युवती के मुताबिक घटना के समय आरोपी नशे में धुत था।

इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। मौका पाकर युवती टैक्सी से उतरकर नंगे पैर ही जंगल की ओर भाग निकली। आरोपी ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया, लेकिन युवती सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में छिप गई और पूरी रात बाहर नहीं निकली।

हर आहट पर धड़कने लगता था दिल

पीड़िता ने बताया कि उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस टैक्सी चालक पर उसने भरोसा किया, उसके इरादे इतने खतरनाक हो सकते हैं। घटना के समय उसके मन में सिर्फ एक ही विचार था कि किसी तरह आरोपी के चंगुल से बचना है। इसी डर के बीच वह अंधेरे जंगल में काफी दूर तक भागती चली गई। रातभर हर छोटी-सी आहट पर उसका दिल जोर-जोर से धड़कने लगता था। डर और ठंड के बीच उसने किसी तरह पूरी रात गुजारी।

सुबह हिम्मत जुटाकर मांगी मदद

सुबह होने पर युवती ने हिम्मत जुटाई और सड़क की ओर निकलकर मदद मांगी। वह बल्दियाखान क्षेत्र में एक महिला के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

भावुक होकर युवती ने कहा कि वह प्रकृति से बेहद लगाव रखती है और उसे विश्वास है कि उसी प्रकृति ने उसे अपनी गोद में छिपाकर उस हैवान से बचा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *