देहरादून। प्रदेश में छत पर सोलर रूफटॉप लगाने वाले उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। Uttarakhand Power Corporation Limited (यूपीसीएल) ने नेट मीटरिंग के तहत ग्रिड में जाने वाली अतिरिक्त (सरप्लस) बिजली की खरीद दर दो रुपये प्रति यूनिट तय कर दी है। नई दरें 20 अगस्त 2025 से प्रभावी मानी जाएंगी।
नियामक आयोग के आदेश के बाद लागू हुई नई दर
यूपीसीएल के मुख्य अभियंता (वाणिज्यिक) एन.एस. बिष्ट की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय Uttarakhand Electricity Regulatory Commission (यूईआरसी) के 20 अगस्त 2025 के आदेश के क्रम में लिया गया है। आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 और उसके बाद स्थापित होने वाले सोलर पीवी प्लांट्स की बेंचमार्क कैपिटल कॉस्ट की समीक्षा के बाद यह दर निर्धारित की है।
अब नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत ग्रिड से जुड़े सभी सोलर प्लांट्स की अतिरिक्त बिजली दो रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदी जाएगी। उपभोक्ता को मिलने वाली सब्सिडी की राशि चाहे जो भी हो, सरप्लस बिजली की दर समान रहेगी।
ऐसे समझें नई व्यवस्था
यदि किसी उपभोक्ता की मासिक बिजली खपत 200 यूनिट है और उसके सोलर रूफटॉप से 300 यूनिट उत्पादन होता है, तो अतिरिक्त 100 यूनिट बिजली ग्रिड में जाएगी। इस 100 यूनिट का भुगतान अब दो रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश
यूपीसीएल मुख्यालय ने प्रदेश के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सरप्लस बिजली की बिलिंग नई दर के अनुसार सुनिश्चित करें।
प्रदेश में 70 हजार से अधिक सोलर रूफटॉप
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana के तहत उत्तराखंड में अब तक 70,183 सोलर रूफटॉप स्थापित किए जा चुके हैं।
कुल आवेदन: 1,08,896
स्वीकृत टेक्निकल फिजिबिलिटी रिपोर्ट (TFR): 1,08,779
253.88 मेगावाट क्षमता के 70,183 प्लांट स्थापित
66,801 प्लांट्स का निरीक्षण स्वीकृत
नई दर लागू होने के बाद सोलर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त बिजली से मिलने वाली आय पर असर पड़ सकता है।