रुड़की में खेल के विवाद में 13 वर्षीय किशोर की मौत, 16 वर्षीय आरोपी फरार

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

रुड़की : गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में खेल के दौरान हुए विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद 16 वर्षीय किशोर ने 13 वर्षीय भानू के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

खेल-खेल में हुआ खूनी विवाद

सोमवार को पनियाला गांव के अंबेडकर पार्क में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय किशोर और 13 वर्षीय भानू पुत्र बालेंद्र सिंह के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर किशोर ने पार्क में पड़ा डंडा उठाकर भानू के सिर पर वार कर दिया।

गंभीर चोट लगने से भानू के सिर से खून बहने लगा और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। अन्य बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

भानू के सिर में आई चोट बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक के पिता बिजेंद्र सैनी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए आगे की कार्रवाई किशोर न्याय बोर्ड के नियमों के तहत की जाएगी।

बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति चिंता का विषय

रुड़की, भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र में बच्चों के बीच मामूली विवादों का खूनी संघर्ष में बदलना चिंता का विषय बनता जा रहा है।

सिविल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद मिश्रा के अनुसार, किशोरों में धैर्य की कमी और तुरंत प्रतिक्रिया देने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्क्रीन टाइम और एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति भी बच्चों के व्यवहार पर प्रभाव डाल रही है।

मोर्चरी के बाहर जुटी भीड़

मंगलवार को सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। मृतक के पिता बिजेंद्र सैनी कई बार बेसुध हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए। पंचनामा की कार्रवाई पुलिस की मौजूदगी में पूरी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *