तोताघाटी में पहाड़ी से बोल्डर गिरने से ट्रक चालक की मौत, चार घंटे तक बाधित रहा हाईवे

ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील तोताघाटी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के कारण नेशनल हाईवे करीब चार घंटे तक पूरी तरह से अवरुद्ध रहा।

केबिन पर गिरा विशाल बोल्डर

जानकारी के अनुसार ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहे एक ट्रक पर अचानक पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर आ गिरा। बोल्डर ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान

मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भिजवाया और परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी है।

चार घंटे तक बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए सुचारु किया गया।

तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है और इसे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *