जेपी नड्डा पहुंचे जौलीग्रांट,मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत ,भाजपा कोर कमेटी की बैठक में चुनाव पर चर्चा

देहरादून। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के जौलीग्रांट पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। उत्तराखंड भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जौलीग्रांट स्थित एक होटल में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है।

बैठक की अध्यक्षता जेपी नड्डा करेंगे। विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति को गति देना शुरू कर दिया है। कोर कमेटी की इस बैठक में मुख्य रूप से विधानसभा चुनाव को ही एजेंडा बनाया गया है।

विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक बनेगी रणनीति

बैठक में यह तय किया जाएगा कि भाजपा आगामी चुनाव किस रणनीति के तहत लड़ेगी। चुनावी मुद्दे क्या होंगे, किन विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी और विधानसभा क्षेत्र से लेकर बूथ स्तर तक संगठन की क्या भूमिका रहेगी, इस पर विस्तार से चर्चा होगी।

इसके साथ ही यह भी तय किया जाएगा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता किस प्रकार जनसंपर्क अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेगा। हाल ही में भाजपा ने प्रदेश में पहले चरण का सर्वेक्षण कराया है। ऐसे में कोर कमेटी की यह बैठक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।

कमजोर और मजबूत सीटों पर होगी समीक्षा

बैठक में यह भी समीक्षा की जाएगी कि किन विधानसभा सीटों पर पार्टी की स्थिति कमजोर है और किन सीटों पर जीत की संभावना मजबूत है। विधायकों के प्रदर्शन और क्षेत्रीय समीकरणों पर भी चर्चा की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जो विधायक जिस सीट से निर्वाचित हैं, वे वहीं से अगले चुनाव की तैयारी करें। विधायक हों या मंत्री, किसी की भी सीट परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

कोर कमेटी की इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *