चमोली के पगना गांव में शादी के दौरान पकड़ी गई कच्ची शराब की भट्टी, युवाओं ने किया ध्वस्त

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

चमोली। चमोली जिले की ग्राम सभाओं में शराबबंदी को लेकर भले ही आए दिन बैठकें होती हों, लेकिन इन फैसलों को ज़मीनी स्तर पर लागू करने की मिसालें कम ही देखने को मिलती हैं। ऐसे में दशोली विकासखंड के पगना गांव ने शराबबंदी को लेकर एक सख्त और प्रेरणादायक कदम उठाकर मिसाल पेश की है।

पगना गांव में हाल ही में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों को शराब पीते हुए देखा गया। जांच करने पर पता चला कि गांव के आसपास छानियों में कच्ची शराब की भट्टी लगाई गई थी, जहां से शराब बनाकर परोसी जा रही थी। जानकारी मिलते ही गांव के नवयुवकों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित घर पहुंचकर शराब की भट्टी तोड़ दी और लाहन से भरे कनस्तरों को नष्ट कर दिया।

युवाओं की सतर्कता से खुला मामला

ग्रामीणों के अनुसार, बाहर से शराब गांव में न पहुंचे इसके लिए पहले से ही चौकसी की जा रही थी। इसी कारण गांव के कुछ लोग छानियों में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर रहे थे, जिसे शादी समारोह जैसे कार्यक्रमों में परोसा जा रहा था। युवकों की सतर्कता से यह मामला सामने आया।

सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित

करीब 1200 से अधिक आबादी वाले पगना गांव ने इस वर्ष की शुरुआत में ही एक अहम फैसला लिया था। ग्राम सभा ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने का नियम भी बनाया था। इस निर्णय को महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और सभी ग्रामीणों का पूरा समर्थन मिला।

आत्मनिर्भर गांव, पलायन से दूर

पगना गांव की पहचान सिर्फ शराबबंदी तक सीमित नहीं है। यह गांव आज भी पलायन की समस्या से काफी हद तक दूर है। राजमा, चौलाई, आलू जैसी नगदी फसलों की खेती से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है, जिससे लोग अपने गांव से जुड़े हुए हैं।

चेतावनी के साथ सख्त रुख

कार्रवाई के दौरान युवकों ने शराब बनाने में लगे ग्रामीणों को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी गतिविधि पाए जाने पर प्रशासन से शिकायत करने की बात कही। इस कार्रवाई में प्रकाश, संतोष, मोहन, जसपाल सहित कई युवा शामिल रहे।

पगना गांव की यह पहल न सिर्फ चमोली जिले बल्कि पूरे पहाड़ी क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि अगर समुदाय एकजुट हो, तो सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *