“तू मेरी नहीं तो किसी की नहीं…” फिल्मी डायलॉग बना खौफनाक सच, बीच बाजार की हत्या

देहरादून। फिल्मों में सुनाई देने वाला डायलॉग “तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती” इस बार हकीकत में एक युवती की जान ले बैठा। आरोपी आकाश उर्फ गोलू ने इसी फिल्मी अंदाज में गुंजन श्रीवास्तव को पहले धमकाया और फिर बीच बाजार उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

भाई की तहरीर में खुलासा

मृतका गुंजन श्रीवास्तव के भाई अंश श्रीवास्तव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन पिछले कई वर्षों से मच्छी बाजार स्थित एक दुकान में काम कर रही थी। उसी बाजार में आरोपी आकाश उर्फ गोलू की भी दुकान थी।

आकाश रोजाना गुंजन से मिलने की कोशिश करता था। उसने खुद को अविवाहित बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। जब गुंजन ने मना किया तो वह उसे लगातार धमकाने लगा।

 शादीशुदा होने की सच्चाई आई सामने

गुंजन को बाद में पता चला कि आकाश पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने के बाद गुंजन ने उससे साफ इनकार कर दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पीछा करता रहा।

आकाश ने गुंजन को धमकी दी थी—“अगर तू मुझसे शादी नहीं करेगी तो मैं तुझे जान से मार दूंगा। तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती।”

 नशे में फोन कर देता था धमकी

गुंजन ने यह सारी बातें अपने परिजनों को बताईं, जिसके बाद परिवार ने आकाश को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह शराब के नशे में बार-बार गुंजन को फोन कर धमकियां देता रहा।

परेशान होकर गुंजन ने 31 जनवरी को पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

 बीच बाजार चापड़ से हत्या

इसके बावजूद सोमवार सुबह करीब 10 बजे, आकाश ने मच्छी बाजार के पास 23 वर्षीय गुंजन की गर्दन पर चापड़ से वार कर बीच बाजार उसकी हत्या कर दी। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया।

 पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *