देहरादून। तीन दिन तक साफ मौसम रहने के बाद रविवार को अचानक मौसम ने करवट ली। बादल छाने और हल्की बारिश होने से प्रदेश के मैदानी इलाकों में एक बार फिर ठंड का अहसास हुआ। हालांकि तापमान में कोई खास गिरावट दर्ज नहीं की गई, लेकिन बदलते मौसम से लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा।
वहीं, प्रदेश के पांच जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आज बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से इस संबंध में इन जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक बर्फबारी हो सकती है। इसके मद्देनज़र इन क्षेत्रों में अस्थायी रूप से निवास करने वाले लोगों को एक-दो दिन के लिए निचले स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
मसूरी में बारिश के साथ पड़े बर्फ के फव्वारे
पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार को मौसम ने फिर करवट ली। सुबह से ही घने बादल छाए रहे और दोपहर के बाद बारिश शुरू हो गई। देर शाम बर्फ के फव्वारे भी पड़े, जिससे ठंड में और इजाफा हो गया। रविवार को मसूरी का अधिकतम तापमान मात्र पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ठंड बढ़ने के कारण शहर के चौक-चौराहों पर लोग अलाव तापते नजर आए। मौसम में इस बदलाव से मसूरी सहित आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक बार फिर बर्फबारी की उम्मीद जग गई है।