रविदास शोभायात्रा के भंडारे में खूनी संघर्ष, फायरिंग में युवक की मौत, देर रात दूसरे पक्ष का शव भी मिला

भगवानपुर (हरिद्वार)। रविदास शोभायात्रा के भंडारा कार्यक्रम के दौरान रविवार को युवकों के दो गुटों में हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से आनंद (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं देर रात दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव भी खेत में पड़ा मिला, जिसके शरीर पर पीटने के निशान थे। घटना में तीन अन्य युवक विकास, योगेंद्र और गगन घायल हो गए हैं। वारदात के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

भंडारे के दौरान शुरू हुआ विवाद, चली गोलियां

भगवानपुर क्षेत्र के बिनारसी गांव में रविवार को रविदास शोभायात्रा निकाली गई, जिसका समापन मंदिर में किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर के समीप भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। शाम करीब पांच बजे वहां भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान युवकों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक पक्ष के आनंद (28) निवासी बिनारसी के सीने में गोली लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी में विकास, गगन और योगेंद्र भी घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पोस्टमार्टम से इनकार, सड़क पर शव रखकर धरना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया। नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर ही शव रखकर धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने काफी देर समझा-बुझाकर हालात को काबू में किया और देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

देर रात खेत में मिला दूसरे पक्ष का शव

देर रात गांव के पास खेत में दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) का शव मिला। उसके शरीर पर पीटने के निशान थे, जिससे पीट-पीटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

गांव छावनी में तब्दील, कई वाहनों में तोड़फोड़

दोहरी हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए जिलेभर से पुलिस फोर्स को गांव में तैनात किया गया है। झबरेड़ा, रुड़की, कलियर, भगवानपुर समेत अन्य थानों की पुलिस ने गांव के मुख्य चौक-चौराहों, घटनास्थल और पीड़ित परिवारों के घरों के आसपास डेरा डाल दिया है।

तनाव के बीच एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के घरों के बाहर खड़े करीब दस दोपहिया वाहनों में तोड़फोड़ की गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस और खुफिया विभाग गांव की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

भूसे में आग लगाने की कोशिश

घटना के बाद उपद्रवियों ने एक ग्रामीण के भूसे के ढेर में आग लगाने की भी कोशिश की। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आगजनी की कोशिश को नाकाम कर दिया और उपद्रवियों को वहां से खदेड़ दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *