चुनावी साल में कांग्रेस का बड़ा एक्शन प्लान,करेंगे राजभवन कूच, तीन महीने तक चलेगा हल्ला बोल अभियान

देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने की तैयारी कर ली है। चुनावी वर्ष को देखते हुए पार्टी ने सरकार पर लगातार दबाव बनाने के लिए तीन महीने का विस्तृत रोडमैप तैयार किया है। इसकी शुरुआत 16 फरवरी को राजभवन कूच से होगी, जहां कांग्रेस अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी।

गुरुवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी आंदोलनों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा सरकार के खिलाफ राज्य स्तर से लेकर जिला और विधानसभा स्तर तक निरंतर हल्ला बोल अभियान चलाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान शासन में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट हो रही है और नौकरियों की बंदरबांट की जा रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक सीबीआई जांच शुरू न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सरकार की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। विकास प्राधिकरण आम जनता को परेशान कर रहे हैं और आपदा प्रभावितों की कोई सुध नहीं ली जा रही। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेता कर्नल अजय कोठियाल स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि धराली में 143 लोग मलबे में दबे, लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

राहुल गांधी की नसीहत का असर, कांग्रेस में दिखी एकजुटता

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एकजुटता की अपील का असर गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में स्पष्ट नजर आया। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर मौजूद रहे। प्रेस वार्ता समाप्त होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नेताओं को एक साथ खड़ा कर हाथ मिलवाया और मीडिया से अनुरोध किया कि इस तस्वीर को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाए, ताकि संगठन की एकता का संदेश जनता तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *