चमोली। उत्तराखंड की सबसे पसंदीदा स्नोफॉल हिल डेस्टिनेशन औली में बुधवार को भारी बर्फबारी हुई। बर्फबारी के चलते औली समेत ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है और कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं। मंगलवार रात से चमोली जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश होती रही, जबकि औली, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई।
कई मोटर मार्ग बंद
लगातार बर्फ गिरने के कारण जोशीमठ–औली मोटर मार्ग, जोशीमठ–मलारी–नीति मोटर मार्ग और चोपता मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। प्रशासन की ओर से यात्रियों से सतर्क रहने और मौसम साफ होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
पर्यटकों से गुलजार औली
बर्फबारी के बावजूद विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली पर्यटकों से गुलजार है। ताजा बर्फबारी के बाद चमोली जिले में मंद पड़े पर्यटन कारोबार को नई ऊर्जा मिली है। प्रतिदिन तीन हजार से अधिक पर्यटक जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
औली पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर में ढका हुआ है। मौसम साफ होने पर पर्यटक धूप का आनंद भी ले रहे हैं। स्की ढलानों पर फन स्की, स्नोमैन बनाना और बर्फ के साथ अठखेलियां करते हुए पर्यटक इन खूबसूरत नजारों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं।
पर्यटन कारोबार में उछाल
औली के साथ-साथ मंडल घाटी, चोपता, लोहाजंग, देवाल जैसे क्षेत्रों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी है। बीते पांच दिनों में करीब 20 करोड़ रुपये से अधिक के पर्यटन कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है।
औली, ज्योतिर्मठ (जोशीमठ), पीपलकोटी, चमोली, गोपेश्वर और मंडल क्षेत्र में होम-स्टे और होटल लगभग फुल चल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका को भी सहारा मिला है।