चकराता | लोखंडी घूमने आए करीब 80 पर्यटक, जो भारी बर्फबारी के कारण रास्ते में फंस गए थे, मंगलवार सुबह सकुशल अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए। सभी पर्यटकों के सुरक्षित निकलने से प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
होटल व्यवसायी लिखिलेश चौहान और रोहन राणा ने बताया कि कुछ पर्यटक 22 जनवरी को लोखंडी भ्रमण के लिए पहुंचे थे। शुक्रवार को अचानक हुई भारी बर्फबारी के चलते त्यूणी–चकराता–मसूरी–मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब तीन फीट तक बर्फ जम गई, जिससे कोटीकनासर से चकराता तक करीब 30 किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया था।
रास्ता बंद होने के कारण पर्यटक विभिन्न स्थानों पर फंस गए थे। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सोमवार शाम कड़ी मेहनत के बाद सड़क से बर्फ हटाकर मार्ग को बहाल किया। सड़क खुलते ही मंगलवार सुबह सभी पर्यटक सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी भी पर्यटक को कोई नुकसान नहीं हुआ।