उत्तराखंड में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट, मसूरी में जमी झील

देहरादून। पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में ठंड और भी ज्यादा तीखी हो गई है। मौसम विभाग ने 12 और 13 जनवरी को प्रदेशभर में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही अगले पांच दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है।

मसूरी में पाले से जमी झील

मसूरी में कड़ाके की ठंड और लगातार पड़ रहे पाले के कारण अटल उद्यान स्थित झील जम गई है। रात का तापमान माइनस में पहुंचने से सड़कों पर पाले की परत जम रही है और कई जगह नलों का पानी भी जमने लगा है। अन्य पहाड़ी इलाकों में भी पाले से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

देहरादून में दिन में राहत, रात में ठिठुरन

राजधानी देहरादून में दिन के समय धूप खिलने से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट से ठंड बरकरार है। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरिद्वार में सीजन का सबसे ठंडा दिन

हरिद्वार में रविवार को इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

कहां कितना गिरा तापमान

पंतनगर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे गिरकर 1.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री और नई टिहरी में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण गलन बढ़ गई है, जिससे लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं।

कोहरे और पाले का अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार और उधमसिंह नगर के साथ-साथ नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *