अंकिता भंडारी केस पर सियासत तेज, नरेश बंसल बोले– जरूरत पड़ी तो CBI जांच से नहीं है परहेज

देहरादून: उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो और वीआईपी के नाम को लेकर उठे सवालों के बाद लोग सड़कों पर उतर आए हैं और मामले की सीबीआई जांच व वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा है कि सरकार को इस मामले में सीबीआई जांच से कोई परहेज नहीं है।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान नरेश बंसल ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की एसआईटी जांच में सभी तथ्य सामने आ चुके हैं और इसी के आधार पर दोषियों को सजा भी मिल चुकी है। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यदि आगे आवश्यकता पड़ी तो सीबीआई जांच कराई जा सकती है।

नरेश बंसल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस संवेदनशील मामले में भी राजनीति कर प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने रविवार को देहरादून में हुए प्रदर्शन के दौरान बैनर फाड़ने और अभद्रता की घटनाओं की निंदा की और कहा कि इस आंदोलन के अराजक तत्वों के हाथ में जाने की आशंका है।

एक सवाल के जवाब में बंसल ने बताया कि इस मामले में पुलिस जल्द ही सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से पूछताछ करेगी, जिसके बाद वायरल ऑडियो की पूरी सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे न केवल प्रदेश की छवि खराब हो रही है बल्कि दिवंगत अंकिता की आत्मा का भी अपमान हो रहा है।

वीआईपी को बचाने में जुटी सरकार: कांग्रेस

दूसरी ओर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में शामिल वीआईपी का नाम सामने आने के बावजूद सरकार उसे बचाने का काम कर रही है, जिससे प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल बन रहा है।

रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता को न्याय मिलने तक कांग्रेस प्रदेशभर में न्याय यात्रा जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन को हास्यास्पद बताया और कहा कि सोशल मीडिया पर भी भाजपा के इन प्रदर्शनों को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले को आगामी चुनाव से जोड़ने की कोशिश कर रही है, जबकि अंकिता हत्याकांड में कांग्रेस शुरू से ही सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती रही है।

उन्होंने दावा किया कि अब तो भाजपा के पदाधिकारी भी पार्टी से इस्तीफा देकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि सीबीआई जांच और वीआईपी का नाम उजागर होने तक कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *