मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी अब तक फरार, पुलिस को नही मिल रहा कोई सुराग

देहरादून: एंजेल चकमा हत्याकांड के मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी की गिरफ्तारी अभी तक पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने वर्षों से अपने माता-पिता, रिश्तेदारों और दोस्तों से संपर्क नहीं रखा है, जिससे उसके ठिकानों का पता लगाना बेहद मुश्किल हो गया है।

गत वर्ष 9 दिसंबर को देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में एक मामूली विवाद के बाद छह लोगों ने त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल पर चाकू और कड़े से हमला किया था। इसमें एंजेल गंभीर रूप से घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। 14 दिसंबर को चिकित्सकों ने उसकी गंभीर चोटों की पुष्टि की।

एंजेल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। 26 दिसंबर को इलाज के दौरान एंजेल की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दीं।
इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें दो नाबालिग शामिल हैं। लेकिन मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी करीब 20 दिनों से फरार है।

पुलिस वरिष्ठ अधिकारी एसएसपी अजय सिंह ने बताया, “आरोपी ने वर्षों से अपने माता-पिता और दोस्तों से कोई संपर्क नहीं रखा। घटना के बाद उसने किसी से फोन पर भी बात नहीं की। यही कारण है कि हमें उसके पास पहुंचने का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।”

पुलिस की टीमें नेपाल-भारत बॉर्डर पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, और नेपाल पुलिस भी आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे चुकी है। एसएसपी ने कहा कि सर्विलांस के माध्यम से आरोपी को ट्रेस करने की कोशिश लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *