उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुधवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 31 दिसंबर को प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं। खासतौर पर 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। इससे प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर और बढ़ेगा।

वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर के साथ-साथ चंपावत, नैनीताल और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कोहरे का सीधा असर दृश्यता और तापमान पर पड़ेगा, जिससे सुबह-शाम ठंड अधिक महसूस की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार तीन और पांच जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।

उधर, घने कोहरे के कारण देहरादून एयरपोर्ट पर लगातार तीसरे दिन भी हवाई यातायात प्रभावित हुआ। कम दृश्यता की वजह से सुबह से शाम तक कुल नौ उड़ानें अपने निर्धारित समय से काफी देर से पहुंचीं। इंडिगो अहमदाबाद की उड़ान सुबह 7:55 बजे के बजाय 11:41 बजे पहुंची, जबकि इंडिगो भुवनेश्वर 8:25 की जगह 12:16 बजे, इंडिगो दिल्ली 9 बजे के बजाय 12:09 बजे और इंडिगो जयपुर 9:45 के स्थान पर 12:24 बजे एयरपोर्ट पहुंची।

इसके अलावा एयर इंडिया मुंबई की फ्लाइट 9:55 की जगह 12:42 बजे, एलायंस एयर कुल्लू 10:05 की जगह 11:23 बजे, इंडिगो हैदराबाद 11:10 के बजाय 12:36 बजे, एयर इंडिया दिल्ली शाम 4:10 की जगह 4:46 बजे और इंडिगो पुणे 5:05 के स्थान पर 6:39 बजे देहरादून पहुंची। मौसम विभाग ने लोगों से कोहरे और ठंड को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *