टिहरी : टिहरी जिले में भालू के हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सरुणा केमर गांव का है, जहां जंगल में घास काटने गए एक व्यक्ति पर भालू ने हमला कर दिया। इस घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरुणा केमर गांव निवासी टीकाराम जोशी रोज की तरह जंगल में घास काटने गए थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, टीकाराम जोशी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि सिर में चोट के चलते उन्हें निगरानी में रखा गया है।