घरेलू विवाद में सगे भाई पर किया हमला, भाई पर दोनों हाथ कटने का लगा आरोप !

टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। घरेलू विवाद में बड़े भाई ने पत्नी और मां के साथ मिलकर अपने सगे छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि इलाज के दौरान साजिशन उसके दोनों हाथ कटवा दिए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह घटना घनसाली थाना क्षेत्र के बालगंगा तहसील की बासर पट्टी स्थित लसियाल गांव की है। घनसाली थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिंह जाटव के अनुसार, गांव निवासी अंग्रेज सिंह (24) ने तहरीर दी है कि उसका बड़ा भाई पूरब सिंह (28) मुंबई के एक होटल में काम करता है। पूरब की पत्नी अंजलि (25) और मां जेठी देवी गांव में ही रहती हैं।

झगड़े के बाद हुआ हमला

पीड़ित के अनुसार, 20 दिसंबर को मां और भाभी ने पूरब सिंह को गांव बुलाया था। इसी दौरान घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। अंग्रेज का कहना है कि पूरब और उसकी पत्नी मां से झगड़ रहे थे, जिसे रोकने के लिए वह बीच-बचाव करने लगा। इसी बात से नाराज होकर भाई, भाभी और मां ने चाकू व अन्य धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया।

हमले में अंग्रेज के दोनों हाथों की हड्डियां बाहर निकल आईं और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह पूरी आपबीती बता रहा है।

भाई ही ले गया अस्पताल, कटने का आरोप

अंग्रेज ने बताया कि वह दोपहर तक दर्द से तड़पता रहा। इसके बाद बड़ा भाई पूरब ही उसे 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेलेश्वर ले गया। वहां से उसे बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया। पीड़ित का आरोप है कि इलाज के दौरान साजिश के तहत डॉक्टर से उसके दोनों हाथ कटवा दिए गए।इलाज के बाद किसी तरह गांव लौटकर अंग्रेज ने घनसाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी

घनसाली पुलिस ने तीनों आरोपियों , पूरब सिंह, अंजलि और जेठी देवीके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *