मारपीट के बाद लापता हुआ टेंपो चालक, पुलिस ने नहीं करी कार्रवाई , किया सुसाइड

रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश सीमा से सटे डिबडिबा गांव का रहने वाला एक टेंपो चालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के परिजनों ने मारपीट के बाद पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, लापता युवक घर के बाहर अपने टेंपो में एक नोट छोड़कर गया है, जिसमें उसने खुद को प्रताड़ित बताया है और आत्महत्या की बात लिखी है।

डिबडिबा सोढ़ी कॉलोनी, बिलासपुर (रामपुर) निवासी रमेश चंद मिश्रा अपने परिजनों के साथ रंपुरा पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा पुनीत कुमार मिश्रा दिनेशपुर–रुद्रपुर रूट पर टेंपो चलाता था। आरोप है कि 14 दिसंबर को संजयनगर खेड़ा निवासी एक अन्य टेंपो चालक ने अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते पुनीत के साथ मारपीट की। किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी जान बचा पाया।

परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात को लेकर पुनीत मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। 15 दिसंबर की शाम वह घर से दवा लेने की बात कहकर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने बताया कि युवक के घर के बाहर खड़े टेंपो में एक नोट मिला, जिसमें लिखा था कि पुलिस ने मारपीट करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की है और इसी वजह से वह आत्महत्या करने जा रहा है। इसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले को लेकर सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है और युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *