ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय बनकर कर रहे थे स्मैक सप्लाई, पुलिस ने तीन तस्कर दबोचे

रायवाला: रायवाला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय का भेस बनाकर नशा तस्करी कर रहे दो तस्करों सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक और 158 ग्राम चरस बरामद की गई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।

कैसे पकड़े गए तस्कर?

पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह खोलिया की टीम रात के समय वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान रायवाला से हरिद्वार की ओर घरेलू सामान पहुंचा रहे ब्लिंकिट कंपनी के दो डिलीवरी बॉय संदिग्ध लगे, जिन्हें रोककर चेक किया गया।

तलाशी में उनके पास से स्मैक मिली। पकड़े गए दोनों की पहचान फ़ुजैल और वसीम के रूप में हुई है दोनों निवासी सुल्तानपुर, सहारनपुर के बताए जा रहे हैं।

इसके अलावा पुलिस ने जींद, हरियाणा निवासी अजय को भी चरस के साथ गिरफ्तार किया। वह हरिद्वार के एक होटल में वेटर का काम करता है और जांच में पता चला कि उसने कुरुक्षेत्र से चरस खरीदी थी, जिसे वह हरिद्वार क्षेत्र में बाबाओं को बेचने की फिराक में आया था।

नशा स्कूल-कॉलेजों तक भेजने की साज़िश

पूछताछ में फ़ुजैल और वसीम ने खुलासा किया कि वे ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के तौर पर स्कूल और कॉलेज के छात्रों तक स्मैक पहुँचाकर भारी मुनाफा कमाने की योजना में थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही पकड़ लिया।

पुलिस कप्तान ने कहा कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *