15 दिसंबर से महंगी होगी शराब, उत्तराखंड सरकार ने एक्साइज ड्यूटी पर फिर लगाया 12% वैट

देहरादून। उत्तराखंड में शराब पीने वालों को 15 दिसंबर से एक और महंगा झटका लगने वाला है। राज्य सरकार ने नई आबकारी नीति 2025-26 में बड़ा बदलाव करते हुए एक्साइज ड्यूटी पर 12% वैट (VAT) फिर से लगाने का फैसला किया है। इसके कारण राज्य में शराब की कीमतें प्रति बोतल 40 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बढ़ जाएंगी।

 

 

आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने बताया कि वैट फिर से लागू किए जाने संबंधी आदेश मिलने के बाद विभाग ने नई दरों को पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए टाइमलाइन तय की है। विभाग ने अनुरोध किया था कि उन्हें पूरी प्रक्रिया के लिए एक हफ्ते का समय दिया जाए, जिसके बाद 15 दिसंबर तक नई दरें लागू करने की तैयारी पूरी कर ली जाएगी।

 

पहले वैट क्यों हटाया गया था?

आबकारी विभाग ने अगले वित्तीय वर्ष की नीति बनाते समय एक्साइज ड्यूटी पर लगने वाला वैट हटा दिया था। विभाग का कहना था कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में एक्साइज ड्यूटी पर वैट नहीं लगता, इसलिए उत्तराखंड को भी प्रतिस्पर्धी बनाने और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए यह कदम उठाया गया था।

लेकिन वित्त विभाग ने इस फैसले पर कड़ा एतराज़ जताया, जिसके बाद वैट को फिर से जोड़ने का निर्णय लिया गया।

 

कितना बढ़ेगा शराब का दाम?

नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब कंट्री मेड अंग्रेजी (IMFL) शराब के पव्वे पर 10 रुपये और बोतल पर करीब 40 रुपये महंगे होंगे।विदेशी (Imported) शराब की बोतलों के दाम 100 रुपये तक बढ़ जाएंगे।

 

गौरतलब है कि उत्तराखंड में पहले से ही शराब के दाम हिमाचल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के मुकाबले ज्यादा हैं। ऐसे में यह बढ़ोतरी आम उपभोक्ताओं पर सीधा असर डालेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *