इंडिगो विमान की नोज पर पक्षी से टक्कर, जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला

ऋषिकेश: जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार शाम एक विमान हादसा टल गया। मुंबई से देहरादून पहुंची इंडिगो फ्लाइट IG0 5032 (एयरबस A-320) की नोज लैंडिंग के तुरंत बाद एक पक्षी से टकरा गई, जिससे विमान का आगे वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी 186 यात्री सुरक्षित हैं।

यह घटना रविवार शाम करीब 6:45 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, विमान ने सामान्य तरीके से लैंडिंग की थी, लेकिन रनवे पर उतरते ही विमान की नोज से एक पक्षी तेज टक्कर मार गया, जिसके बाद ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत सुरक्षा प्रक्रिया शुरू की।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की और रनवे की भी दोबारा स्कैनिंग की गई ताकि किसी तरह का अतिरिक्त खतरा न रहे।

विमान की नोज क्षतिग्रस्त होने के कारण देहरादून से मुंबई जाने वाली अगली उड़ान रद्द की गई। इंडिगो ने यात्रियों की सुविधा के लिए मुंबई जाने वाले यात्रियों हेतु एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था शुरू कर दी है।

अधिकारियों के अनुसार, न तो यात्रियों को और न ही क्रू मेंबर को किसी तरह की चोट पहुंची है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि पूरी घटना की जांच मानक प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *