शादी तुड़वाने की कोशिश,एकतरफा प्यार में सनकी आशिक ने भेजे अश्लील मैसेज, पुलिस ने किया केस दर्ज

हरिद्वार: एकतरफा प्यार में अंधे युवक ने पड़ोसी युवती की जिंदगी को नर्क बना दिया। सनकी आशिक ने न सिर्फ दो बार उसकी शादी तुड़वाई, बल्कि तीसरी बार भी शादी रुकवाने की कोशिश की। इस बार युवक ने युवती के होने वाले पति को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजे लेकिन इस बार पीड़िता के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

एकतरफा इश्क बना जुनून

ये मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र का है।जहां एक गांव में रहने वाला युवक पड़ोस की युवती से एकतरफा प्यार करता था। उसने कई बार युवती को अपने प्यार का इज़हार किया, लेकिन युवती ने साफ इनकार कर दिया। इसके बावजूद युवक उसका पीछा करता रहा और उसे परेशान करता रहा।

लेकिन जब युवती के पिता ने उसकी शादी तय की, तो आरोपी ने किसी तरह होने वाले दूल्हे का फोन नंबर निकाल लिया और उससे झूठी बातें कहकर शादी तुड़वा दी। यही नहीं, दूसरी बार भी उसने इसी तरह साजिश रचकर शादी तुड़वा दी थी।

तीसरी शादी में भेजे अश्लील वीडियो

तीसरी बार जब युवती की शादी तय हुई, तो सनकी आशिक ने फिर से गंदी हरकते शुरू कर दी। उसने दूल्हे को फोन कर कई अश्लील मैसेज और वीडियो भेज दिए।
हालांकि इस बार युवक की चाल नाकाम रही, क्योंकि होने वाले पति ने पूरा मामला युवती के परिवार को बता दिया।

 

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, बढ़ाई सुरक्षा

जिसके बाद पीड़िता के पिता ने युवक के खिलाफ लक्सर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को बेटी की शादी तय है, और उन्हें डर है कि आरोपी फिर कोई साजिश कर सकता है।

कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, और पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि शादी में किसी तरह का व्यवधान नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *