कठघरिया में सड़क विवाद पर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने, धरना स्थल पर भिड़े दोनों दलों के प्रवक्ता

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

हल्द्वानी: सड़क की बदहाली को लेकर गुरुवार को कठघरिया चौराहे पर शुरू हुए धरने के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत के बीच जमकर बहस हो गई। सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुई यह बहस देखते ही देखते राजनीतिक तकरार में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

जानकारी के मुताबिक, पनियाली-बजूनिया हल्दू-कठघरिया सड़क निर्माण और चौराहे के अधूरे चौड़ीकरण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में ग्रामीण राहुल अधिकारी ने आमरण अनशन शुरू किया, जिसके समर्थन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी धरने पर जुटे।

धरने में कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी भी शामिल हुए और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,
“विधायक बंशीधर भगत ने एक साल पहले कहा था कि एक महीने में सड़क का काम शुरू हो जाएगा, लेकिन आज तक काम नहीं हुआ। लोग धूल और गड्ढों से परेशान हैं।”

प्रवक्ता विकास भगत, जो विधायक के प्रतिनिधि भी हैं, मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि “अगस्त में सड़क निर्माण का बजट मंजूर किया जा चुका है, अक्तूबर में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है और 15 से 20 नवंबर के बीच काम शुरू हो जाएगा।”

दोनों नेताओं के बीच इसी मुद्दे पर तीखी नोकझोंक हो गई। भगत ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया, जबकि तिवारी ने भाजपा पर जनता से झूठे वादे करने का।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों नेताओं को शांत करने की कोशिश की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाते हुए धरना स्थल पर शांति बहाल की।

विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि ‘thejagsamachar’ इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *