नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नकली दवाइयों का गोरखधंधा पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के इब्राहिमपुर गांव में चल रही एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है, जहां नकली ENO तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली सामान और कच्चा माल बरामद किया है।

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब Glaxo Smith Kline Pharmaceuticals Ltd. (जो ENO ब्रांड का निर्माण करती है) के अधिकृत प्रतिनिधि यशपाल सप्रा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया था कि बाजार में नकली ENO की बिक्री हो रही है। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की और इब्राहिमपुर में अवैध फैक्ट्री का पता लगाया।
पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री से 91,257 नकली ENO पाउच, करीब 80 किलो कच्चा माल, पैकिंग मशीन, ब्रांडेड स्टीकर और 13.080 किलो मार्क प्रिंटेड रोल जब्त किए गए हैं। यह रोल असली पैकिंग जैसे दिखने वाले पाउच तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे, ताकि नकली उत्पादों को बाजार में असली ENO बताकर बेचा जा सके।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान 45 वर्षीय संदीप जैन और 23 वर्षीय जितेंद्र उर्फ छोटू, दोनों इब्राहिमपुर गांव के निवासी के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच की टीम ने फैक्ट्री को सील कर दिया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह एक बड़े रैकेट का हिस्सा लगता है, जो दिल्ली और आस-पास के राज्यों में नकली ब्रांडेड उत्पाद सप्लाई कर रहा था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क कितने लोगों तक फैला हुआ है और अब तक कितनी नकली सामग्री बाजार में पहुंच चुकी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नकली दवाइयों का यह कारोबार लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। इस तरह के मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न कर सके।