अमित शाह ने उत्तराखंड को दी 1474 करोड़ की योजनाओं की सौगात, बोले- अटल ने बनाया, मोदी ने संवारा

देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव समारोह में पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। उनके पहुंचते ही पूरा मैदान मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों की ओर से उनका स्वागत करते हुए उत्तराखंड की टोपी, गंगाजली और समुद्र मंथन का प्रतीक चिह्न भेंट किया। समारोह के दौरान प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस मौके पर गृह मंत्री ने 1474 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

 

उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा

 

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा तक भी यह आवाज पहुंचनी चाहिए कि उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि वह गुजरात से आए हैं और उनकी दृढ़ मान्यता है कि जो चारधाम नहीं जाता, उसके लिए मोक्ष का द्वार नहीं खुलता। देवभूमि उत्तराखंड में चारधाम, हेमकुंड साहिब और कुंभ का प्रमुख क्षेत्र हरिद्वार स्थित है।

 

अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि आज उन्हें स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्र के लोगों की अलग राज्य की इच्छा को अटल बिहारी वाजपेयी ने पूरा किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों और बलिदानियों को नमन किया।

 

गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवारा है। विकसित भारत का पहला पड़ाव विकसित उत्तराखंड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को देश का सबसे पहले विकसित राज्य बनाने का संकल्प लेना होगा।

 

सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों की ओर से गृह मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने पर भी बधाई दी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस से पहले गृह मंत्री का मार्गदर्शन मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। डबल इंजन सरकार में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। उनके अनुसार, विपक्ष चुनाव के दौरान जिन प्रक्रियाओं को सही बताता है, सत्ता से बाहर होने पर उन्हीं पर सवाल उठाने लगता है।

 

धामी ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता उत्तराखंड का नाम रोशन करने वालों का अपमान करते हैं, जबकि उनके सहयोगी दलों के नेता उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मान-सम्मान से जुड़े मुद्दों पर इस तरह की टिप्पणियां उचित नहीं हैं।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की विकास उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सतत विकास लक्ष्यों में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। खनन के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार का सहयोग मिला है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से अधिक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। नकल विरोधी कानून के तहत 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया है। धामी ने कहा कि विपक्ष कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाता है, जबकि सरकार नकल के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। देवभूमि की जनता विकास चाहती है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।

 

पुलिस लाइन में उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

 

राज्योत्सव समारोह के बाद शाम को गृह मंत्री रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति निशान यानी प्रेसिडेंट्स कलर से अलंकृत किया जाएगा। यह प्रदेश पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सम्मान है।

 

अंकिता न्याय यात्रा से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

 

अमित शाह के दौरे के दौरान देहरादून में विरोध प्रदर्शन भी हुए। गांधी पार्क से गृह मंत्री का विरोध करने जा रहे अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से जुड़े कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, गृह मंत्री के परेड ग्राउंड पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात में पोस्टर और संदेशों के माध्यम से ‘अमित शाह गो बैक’ के नारे लिखे।

 

डोईवाला में काले झंडे दिखाकर कांग्रेस का प्रदर्शन

 

डोईवाला में देहरादून एयरपोर्ट के समीप काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने एयरपोर्ट के पास आसमान में काले गुब्बारे भी छोड़े। कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता भंडारी प्रकरण में दुष्यंत गौतम की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। राज्योत्सव समारोह में अमित शाह की मौजूदगी प्रदेश स्थापना दिवस से जुड़े आयोजनों का प्रमुख आकर्षण रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *