दलेर मेहंदी विवाद पर सुबोध उनियाल का नया बयान, बोले- माफी मांगने से बेहतर इस्तीफा देना पसंद करूंगा

देहरादून। पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच कुंजापुरी मेले में हुए विवाद का मामला एक बार फिर चर्चा में है। इस बीच मंत्री सुबोध उनियाल का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यदि आलाकमान उनसे माफी मांगने के लिए कहेगा तो वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। उन्होंने आत्मसम्मान को जीवन में बड़ी चीज बताया है।

 

वीडियो में सुबोध उनियाल कहते सुनाई दे रहे हैं कि कुछ लोगों ने उनसे कहा कि यदि आलाकमान माफी मांगने के लिए कहेगा तो उन्हें माफी मांगनी पड़ेगी। इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे। हालांकि, यह बयान उन्होंने किस कार्यक्रम और किस संदर्भ में दिया, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

 

दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर उठाए थे सवाल

 

दरअसल, टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर सुबोध उनियाल का बयान सामने आया था। मंत्री ने कहा था कि उस समय उन्हें लगा कि गायक नशे में हैं, हालांकि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि उनकी आवाज किस वजह से लड़खड़ा रही थी। बाद में उन्हें पता चला कि गायक की तबीयत खराब थी।

 

उनियाल ने कहा था कि यदि दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी तो आयोजकों या वहां मौजूद लोगों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। उन्होंने बताया था कि कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे और होटल में ठहरने की अलग से व्यवस्था भी की गई थी। मंत्री के अनुसार, करीब 45 मिनट तक ठीक से प्रस्तुति नहीं हो पाने पर उन्होंने जनप्रतिनिधि होने के नाते गायक को टोका था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनका उद्देश्य किसी कलाकार या संगीत को बदनाम करना नहीं था।

 

मंच पर हुई थी मंत्री और गायक के बीच बहस

 

18 नवंबर को टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या के दौरान दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनकी आवाज लड़खड़ाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्हें टोका। मंत्री ने कहा था कि कलाकार को अपनी प्रतिष्ठा का ध्यान रखना चाहिए और उन्हें क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन के लिए बुलाया गया है।

 

इस पर दलेर मेहंदी ने मंत्री से पंडाल में बैठने का अनुरोध करते हुए कहा था कि उन्हें सम्मान के साथ बुलाया गया है और वह अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं।

 

मीका सिंह और कपिल शर्मा ने जताई थी नाराजगी

 

विवाद सामने आने के बाद गायक मीका सिंह, कपिल शर्मा और अन्य लोगों ने मंत्री के बयान पर नाराजगी जताई थी। मामला बढ़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह से फोन पर बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि किसी भी तरह की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण माहौल में दूर किया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने दलेर मेहंदी से भी बातचीत की थी।

 

अब सुबोध उनियाल के माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देने वाले बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कुंजापुरी मेले का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *