कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव से मारपीट, घायल हालत में कोतवाली पहुंचीं कुलपति

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और प्रशासन के बीच कई दिनों से चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक हो गया। कुलपति कार्यालय के बाहर कुलसचिव सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर जमीन पर गिरा दिया और जमकर पिटाई की। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

 

घटना की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा स्वयं घायल कुलसचिव को लेकर कनखल कोतवाली पहुंचीं। पुलिस की मौजूदगी में उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। वहीं, कर्मचारी यूनियन से जुड़े लोग भी मेडिकल परीक्षण के लिए कोतवाली पहुंचे, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

 

कर्मचारी आंदोलन के बाद बढ़ा विवाद

 

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान कर्मचारी यूनियन और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच लगातार तनातनी बनी हुई थी। आंदोलन के चलते परिसर में तनाव का माहौल था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात कर्मचारियों का आंदोलन समाप्त हुआ था, लेकिन इसके अगले ही दिन शनिवार को कुलसचिव के साथ मारपीट की घटना हो गई।

 

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, कुलपति कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने कुलसचिव को घेर लिया। इसके बाद उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद कुलपति उन्हें अपने साथ कनखल कोतवाली ले गईं।

 

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। मारपीट में शामिल लोगों और घटना के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *