देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े उत्पीड़न मामले में विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए एसआईटी की एक टीम देहरादून से बरेली पहुंची है। टीम आरोपी पति गिरधारी लाल साहू के घर और अन्य ठिकानों पर जाकर तथ्यों की पड़ताल करेगी। वहीं, एसआईटी कैबिनेट मंत्री के पूरी तरह स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। इसके बाद उनके बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।
मामले में वायरल ऑडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। इस ऑडियो में गिरधारी लाल साहू और एक महिला के बीच कथित बातचीत होने की बात सामने आई है। एसआईटी बरेली में संबंधित स्थानों पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाएगी। साथ ही गिरधारी लाल साहू और ऑडियो में शामिल महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नौ सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच
इस मामले की जांच एसपी ग्रामीण की निगरानी में नौ सदस्यीय एसआईटी कर रही है। टीम शिकायत, वायरल ऑडियो और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही मामले से जुड़ी अब तक की जानकारी एकत्र कर तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री के बयान दर्ज होने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
पति के खिलाफ कैंट थाने में दर्ज है मुकदमा
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने गुरुवार को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्पीड़न और जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर रेखा आर्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
डॉक्टरों के मुताबिक, उनका रक्तचाप सामान्य होने में समय लग सकता है। ऐसे में उन्हें आराम करने की सलाह दी गई है।
वायरल ऑडियो को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे
मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरधारी लाल साहू का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और वायरल ऑडियो को फर्जी बताया। इसके बाद शनिवार सुबह रेखा आर्य ने अस्पताल से पत्रकार वार्ता कर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने उत्पीड़न से जुड़े अपने आरोप दोहराए और वायरल ऑडियो को सही बताया।
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, कैबिनेट मंत्री की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में घटनास्थल बरेली है। इसलिए जांच के लिए एक टीम भेजी गई है। टीम सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। इसके अलावा गिरधारी लाल साहू के खिलाफ पहले दर्ज मुकदमों की भी जांच कराई जा रही है।
फिलहाल एसआईटी बरेली में साक्ष्य जुटाने और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच में लगी है। पुलिस के अनुसार, कैबिनेट मंत्री के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी।