देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को जिलों, महानगरों, विधानसभा क्षेत्रों और पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों व प्रकोष्ठों का प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजीव महर्षि के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए यह निर्णय लिया गया है। पदाधिकारियों को उनकी संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नवनियुक्त प्रभारियों से अपेक्षा की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। उन्हें जन आंदोलनों, धरना-प्रदर्शनों, जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक बैठकों का संचालन सुनिश्चित करने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
नए प्रभारी जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर स्थानीय संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत कराएंगे। अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रभारी समाज के विभिन्न वर्गों को कांग्रेस की विचारधारा और नीतियों से जोड़ने का काम करेंगे।
गणेश गोदियाल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी पदाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपेक्षा की गई है। जिन प्रदेश पदाधिकारियों को अभी कार्य आवंटित नहीं किए गए हैं, उन्हें आने वाले समय में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
इन पदाधिकारियों को जिलों की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप को पौड़ी गढ़वाल, दर्शन लाल को हरिद्वार ग्रामीण, संजय जैन को रुड़की ग्रामीण, संजय पालीवाल को पछवादून, सतीश नैनवाल को ऊधम सिंह नगर, मधु को रुद्रपुर सिटी और हेमंत उपाध्याय को अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी है। राजेंद्र पाल को चंपावत का जिला सह-प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी को पुरोला, अभिषेक सिंह को उत्तरकाशी, वीरेंद्र पोखरियाल को टिहरी, राकेश राणा को देवप्रयाग, दीप शर्मा को रुद्रप्रयाग, नवीन जोशी को चमोली, राकेश लाल को कोटद्वार ग्रामीण, अनिल भास्कर को कोटद्वार शहर, नरेंद्र राणा को हरिद्वार सिटी और राव शेर मोहम्मद को रुड़की शहर का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा विजय गुनसोला को देहरादून सिटी, अरविंद प्रधान को परवादून, सुमित्तर भुल्लर को काशीपुर सिटी, शोभा बिष्ट को हल्द्वानी सिटी और गणेश उपाध्याय को नैनीताल की जिम्मेदारी दी गई है। महासचिव संदीप को रानीखेत, पुष्कर जैन को बागेश्वर, संजय को पिथौरागढ़ और राजेंद्र को डीडीहाट का प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्षों को विभागों और प्रकोष्ठों का प्रभार
पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष विजय सारस्वत को मेनिफेस्टो, सूर्यकांत धस्माना को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस, लालचंद शर्मा को सैनिक विभाग, मनोज रावत को एसआईआर कमेटी का चेयरमैन, सीपी सिंह को अनुसूचित जाति विभाग, अनुपम शर्मा को प्रोटोकॉल, सुजाता पॉल को रचनात्मक कांग्रेस, इंदु मान को किसान कांग्रेस और सुखविंदर कौर को राजीव गांधी पंचायत राज संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है।
इसी तरह हाजी सर्बरयार खान को अल्पसंख्यक विभाग, प्रेम को मेनिफेस्टो एवं चार्जशीट कमेटी, संतोष चौहान को महिला कांग्रेस, संजय सैनी को लीगल सेल, पूर्व विधायक हेमेश को महात्मा गांधी नरेगा सेल, पूर्व विधायक राजकुमार को नगर निकाय सेल और राजीव महर्षि को प्रचार एवं प्रकाशन का प्रभार दिया गया है। इसके अतिरिक्त 18 अन्य प्रदेश महासचिवों को भी विभिन्न पोर्टफोलियो और जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।