सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण के प्रयास का आरोप, काली स्विफ्ट कार में सवार थे तीन-चार युवक

देहरादून: सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास स्कूटी सवार महिला के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि काले रंग की स्विफ्ट कार में सवार युवकों ने महिला को रोककर जबरन कार में खींचने का प्रयास किया। महिला और आसपास के लोगों के शोर मचाने पर कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

बेटी को स्कूल बस में बैठाकर लौट रही थी महिला

 

बुधवार सुबह करीब 6:50 बजे सहस्रधारा रोड स्थित कानन कुंज निवासी सुषमा वर्मा अपनी बेटी को नालापानी चौक से स्कूल बस में बैठाकर स्कूटी से घर लौट रही थीं। वापस लौटते समय कुछ दूरी पर काले रंग की स्विफ्ट कार उनके पास आकर रुकी। आरोप है कि कार सवारों ने महिला को रोककर जबरन कार में खींचने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कार में तीन से चार युवक सवार थे।

 

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को आता देख कार सवार वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पूछताछ कर जांच शुरू की।

 

तीन टीमों को लगाया

 

पुलिस ने महिला की शिकायत पर अपहरण के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ डोईवाला वंदना वर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार सवारों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

घटना के बाद क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। अभी तक कार सवारों का पता नहीं चल पाया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान का प्रयास कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *