रिहायशी इलाके में स्कॉर्पियो से खतरनाक स्टंट, सेलाकुई पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

देहरादून: सार्वजनिक स्थानों और रिहायशी इलाकों में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सेलाकुई पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने भागीरथी एनक्लेव में स्कॉर्पियो कार से खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करने और स्थानीय लोगों से अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो कार को भी मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की देर रात थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि भागीरथी एनक्लेव में कपिल मेडिकल हॉल के सामने वाली गली में एक व्यक्ति स्कॉर्पियो कार संख्या HR 05 BS 2726 को बेहद अनियंत्रित और खतरनाक तरीके से चलाते हुए स्टंट कर रहा है। स्थानीय लोगों ने जब चालक को ऐसा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया तो आरोप है कि वह उनके साथ गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गया।

सूचना मिलने के बाद सेलाकुई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने कार को रोक रखा था और चालक लोगों के साथ बहसबाजी व हंगामा कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इस तरह की स्टंटबाजी से क्षेत्र में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी और मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति भी बन गई थी।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया। इसके साथ ही स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो को मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सीज कर दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज (23) पुत्र राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चोरगारसा, करनाल (हरियाणा) का रहने वाला है और वर्तमान में झाझरा, प्रेमनगर, देहरादून में रह रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *