बहादराबाद में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, दो नकाबपोश हमलावर फरार

हरिद्वार: बहादराबाद थाना क्षेत्र के शांतरशाह गांव में सोमवार देर शाम मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान में घुसकर 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

 

जानकारी के अनुसार, शांतरशाह गांव निवासी हैप्पी पुत्र राजकुमार मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। सोमवार शाम करीब 7:10 बजे दो अज्ञात युवक उसकी दुकान पर पहुंचे। दोनों ने चेहरे पर सफेद रंग का कपड़ा लपेट रखा था। आरोप है कि दोनों ने दुकान के अंदर ही हैप्पी को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

 

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल हैप्पी को उपचार के लिए सूर्य देव अस्पताल, शांतरशाह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय, रुड़की भेज दिया गया है।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग के निर्देश दिए।

 

पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जा रही है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में टीमें जुटी हैं। फिलहाल हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *