इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार दो संविदा कर्मचारी घायल, एक की हालत चिंताजनक

चमोली: सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंती बाजार के पास बुधवार को यातायात विभाग के इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार विद्युत विभाग के दो संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अनिल रावत के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि लक्ष्मण सिंह का पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

 

जानकारी के मुताबिक, यातायात विभाग का इंटरसेप्टर वाहन थराली से कर्णप्रयाग की ओर जा रहा था। पंती बाजार के पास अचानक वाहन बेकाबू होकर रॉन्ग साइड में चला गया और नारायणबगड़ से पंती की ओर जा रहे स्कूटी सवार अनिल रावत और लक्ष्मण सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अनिल रावत के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, लक्ष्मण सिंह के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों घायल विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।

 

प्रारंभिक पूछताछ में इंटरसेप्टर वाहन चालक ने बताया कि उसे वाहन चलाते समय नींद की झपकी आ गई थी। इसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में चला गया और स्कूटी को टक्कर लग गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *