चमोली | वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित की जाएगी। इससे पहले गुरुवार को डिम्मर गांव से डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के सदस्य परंपरागत गाडू घड़ा के साथ ऋषिकेश के लिए रवाना हो गए। शुक्रवार सुबह यह यात्रा गाडू घड़ा लेकर नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से कपाटोद्घाटन की तिथि तय की जाएगी।
डिम्मर में विधिवत पूजा-अर्चना
गुरुवार सुबह श्रीलक्ष्मी-नारायण मंदिर, डिम्मर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। डिम्मर गांव के पुजारी टीका प्रसाद डिमरी और आचार्यों ने भगवान विष्णु सहस्त्रनाम और नामावलियों के पाठ के साथ भगवान बदरीविशाल और गाडू घड़ा का महाभिषेक किया। इसके पश्चात बाल भोग अर्पित किया गया।
पूजा के बाद बदरीनाथ धाम के डिमरी पुजारियों ने गाडू घड़ा लेकर मंदिर की परिक्रमा की। “जय बदरी विशाल” के जयघोष के साथ यात्रा ऋषिकेश के लिए प्रस्थान कर गई, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा।
नरेंद्रनगर राजदरबार में होगा ऐलान
श्रीबदरीश डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी ने बताया कि 23 जनवरी, वसंत पंचमी के दिन सुबह गाडू घड़ा लेकर डिमरी पुजारी ऋषिकेश से नरेंद्रनगर राजदरबार पहुंचेंगे।
यहां महाराजा मनुजेंद्र शाह द्वारा पंचांग पूजा के बाद बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि, भगवान के महाभिषेक में प्रयुक्त होने वाले तिलों के तेल को पिरोने की प्रक्रिया और गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथियों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
कपाटोद्घाटन की तिथि घोषित होते ही देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए चारधाम यात्रा की तैयारियों को और गति मिलने की उम्मीद है।