उत्तराखंड : पूर्व विधायक सुरेश राठौर को अपना पति बताने वाली उर्मिला सनावर के खिलाफ दून पुलिस ने गंभीर आरोपों की जांच तेज कर दी है। एसएसपी अजय सिंह ने जांच अधिकारी को साफ निर्देश दिए हैं कि उर्मिला के सभी पुराने सोशल मीडिया वीडियो और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की बारीकी से जांच की जाए।
पुलिस के अनुसार, अंकिता भंडारी हत्याकांड की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अश्लील कंटेंट फैलाने, लोगों को भड़काने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आपराधिक इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन्हीं आरोपों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
नेहरू कॉलोनी पुलिस इस मामले में सहारनपुर पुलिस से भी संपर्क कर रही है। जानकारी के अनुसार, उर्मिला के खिलाफ सहारनपुर में पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ द्वारा पहले से एक मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आरती गौड़ ने बुधवार को नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज कराए गए एक अन्य मुकदमे में आरोप लगाया है कि उर्मिला, पुराने केस की वजह से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक वीडियो बना रही है। आरोप है कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी जा रही है, साथ ही उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने की कोशिश भी की जा रही है।
वायरल ऑडियो-वीडियो एफएसएल भेजे जाएंगे
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो और वीडियो को लेकर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। इन सभी ऑडियो-वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए एफएसएल लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी डिजिटल सबूतों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।