देहरादून: उत्तराखंड के 25वें स्थापना दिवस पर आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने जिन गंभीरता और साहस के साथ समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है, वह अन्य राज्यों के लिए मिसाल है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “धामी सरकार ने राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर साहसिक नीतियां अपनाई हैं। धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा नियंत्रण कानून पर जो कदम उठाए गए हैं, वे काबिले तारीफ हैं। राज्य सरकार भूमि हड़पने और जनसांख्यिकीय परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी ठोस कार्रवाई कर रही है।”

एफआरआई मैदान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने ₹8260.72 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास की यात्रा में कई बार बाधाएं आईं, लेकिन बीजेपी की डबल इंजन सरकार ने हर बार उन बाधाओं को दूर कर विकास की रफ्तार को बनाए रखा।
मोदी ने कहा, “राज्य अगले कुछ वर्षों में दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।” उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड आज जिस तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, वह आने वाले वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के प्रति अपने गहरे लगाव का जिक्र करते हुए कहा, “जब भी मैं यहां आध्यात्मिक यात्राओं पर आया, पहाड़ों में रहने वाले लोगों के संघर्ष और परिश्रम ने मुझे हमेशा प्रेरित किया। इसने मुझे उत्तराखंड की अपार क्षमता से परिचित कराया।”