देहरादून | उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने 26 से 28 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। बर्फबारी की खबर के बाद चकराता और मसूरी में पर्यटकों की संख्या तेजी से बढ़ गई है और पहाड़ी इलाकों में भीड़ नजर आ रही है।
इसी बीच चकराता से दुखद खबर सामने आई है। चकराता मार्ग पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दिल्ली के दो पर्यटकों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कालसी-चकराता मार्ग पर भूतिया घूम के पास स्कूटर सवार 25 वर्षीय राजेश सिंह (कालसी निवासी) और 23 वर्षीय राजा (दिल्ली निवासी) को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों को साहिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, रविवार शाम को चकराता से साहिया की ओर आ रही एक कार बढ़ोई छानी लाल पुल के पास खाई में गिर गई। इस हादसे में 15 वर्षीय वंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने पर्यटकों से खराब मौसम और बर्फबारी के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।