चमोली : चमोली जिले की दुर्गम नीती घाटी में स्थित टिम्मरसैंण महादेव की गुफा अब श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात बनने जा रही है। समुद्र तल से करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित इस गुफा में प्राकृतिक रूप से बर्फ का शिवलिंग बनता है, जिसे देखने हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
‘छोटा अमरनाथ’ के नाम से प्रसिद्ध टिम्मरसैंण महादेव की यात्रा को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 17 करोड़ रुपये की लागत से यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परियोजना के तहत नीती गांव से टिम्मरसैंण तक के पैदल मार्ग को चौड़ा किया गया है, रास्ते में लकड़ी की रेलिंग लगाई गई है, वहीं गुफा के भीतर दर्शन स्थल का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही नीती गांव के पास पार्किंग, सूचना केंद्र और ध्यान केंद्र का निर्माण भी किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग का मानना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और जोशीमठ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी।