Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

रुद्रपुर में अफवाह पर बवाल, बच्चा चोरी के शक में महिला को पोल से बांधकर पीटा,पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ भीड़ द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोगों ने महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।

यह घटना ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर इलाके की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। महिला की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद बच्चों के अभिभावक और आसपास के लोग सतर्क हो गए।

स्थानीय लोगों को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उन्होंने उस पर बच्चा चोरी का शक जताया। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और उसे पास में लगे बिजली के पोल से बांध दिया।

इसके बाद कई लोगों ने महिला को थप्पड़, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा। बताया जा रहा है कि कुछ स्थानीय महिलाएं भी आक्रोशित हो गईं और उन्होंने भी महिला के साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों में से कुछ ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और भीड़ को समझाने का प्रयास किया। हालांकि उस समय भी कुछ महिलाएं पुलिस के सामने ही महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिसकर्मियों ने काफी समझाइश के बाद लोगों को शांत कराया और महिला को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने साथ थाने ले गए।

थाने में महिला से पूछताछ की गई, लेकिन इस दौरान उसकी हरकतें असामान्य नजर आईं। बताया गया कि वह खुद से ही बातें कर रही थी और पुलिस के सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रही थी। इससे पुलिस को शक हुआ कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में हंगामा कर चुकी है। एक बार वह थाने में दीवार पर सिर मारने लगी थी, जिससे पुलिस को काफी परेशानी उठानी पड़ी थी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है। साथ ही पुलिस महिला के बारे में और जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में उस इलाके में पहुंची थी।

पुलिस ने लोगों से अपील भी की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *