देहरादून। अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन के तहत दून पुलिस ने गुरुवार को कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 49 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस इन लोगों को दो बसों में भरकर पूछताछ के लिए लेकर आई।
कई इलाकों में चला सघन अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
यह सत्यापन अभियान लक्ष्मण चौक चौकी क्षेत्र के गांधी ग्राम, न्यू पार्क रोड, गुरुद्वारा रोड और मालवीय नगर में चलाया गया। इस दौरान बाहरी जनपदों और अन्य राज्यों से आए लोगों की पहचान और दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
469 लोगों का सत्यापन, 49 संदिग्ध हिरासत में
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 469 व्यक्तियों का सत्यापन किया। जांच के दौरान कई लोग ऐसे पाए गए जो अपनी पहचान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
ऐसे 49 संदिग्ध व्यक्तियों को धारा 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
मकान मालिकों पर भी कार्रवाई
सत्यापन अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले 92 मकान मालिकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत इन पर 9 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 व्यक्तियों के चालान किए गए और उनसे 12,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ऐसे सत्यापन अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।