देहरादून: देहरादून को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से नगर निगम का पौधारोपण अभियान तेजी से जारी है। मंगलवार को मेयर सौरभ थपलियाल ने सेना की इको टास्क फोर्स विंग के कमांडेंट और जवानों के साथ डांडा लखौन क्षेत्र में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया।
मेयर ने बताया कि यह अभियान हरेला पर्व से शुरू किया गया था और 31 जुलाई तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दून की हरियाली को बढ़ाना नगर निगम की प्राथमिकता है और सेना की सहभागिता से यह लक्ष्य और प्रभावी हो रहा है।

इस अवसर पर कर्नल प्रतुल थपलियाल, उप नगर आयुक्त गौरव भसीन, पार्षद सुमित पुंडीर, प्रशांत डोभाल, अंकित अग्रवाल, अंकित चौहान समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मेयर थपलियाल ने जवानों द्वारा किए गए पौधारोपण की सराहना की और कहा कि शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उप नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि निगम का लक्ष्य 31 जुलाई तक एक लाख पौधे लगाने का है, जिसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण किया जा रहा है।