Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला बनेगा नए भारत की पहचान, वीरता और विकास का होगा अनोखा संगम

नई दिल्ली। देश इस वर्ष 15 अगस्त को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस ‘नया भारत’ की थीम के साथ मनाएगा। यह थीम वर्ष 2047 तक भारत को एक समृद्ध, सुरक्षित और स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के संकल्प का प्रतिनिधित्व करती है। इस अवसर पर लाल किले पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कई ऐतिहासिक और विशेष पहलें देखने को मिलेंगी।

 

स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन में पहली बार 11 अग्निवीर म्यूज़ीशियन उस बैंड का हिस्सा बनेंगे, जो राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्र को संबोधित किया जाएगा, जिसमें हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और सेना की वीरता का विशेष उल्लेख होगा।

 

ध्वजारोहण के समय राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के लिए 128 जवान शामिल होंगे। यह ध्वजरक्षक दल आर्मी, एयरफोर्स, नेवी और दिल्ली पुलिस के एक-एक अफसर तथा 32 अन्य रैंक के कर्मचारियों से मिलकर बनेगा। इसके अतिरिक्त, समारोह में 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जिसकी कमान मेजर पवन सिंह शेखावत के पास होगी।

 

इस बार आयोजन स्थल पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की थीम विशेष रूप से प्रदर्शित की जाएगी। ज्ञानपथ पर ऑपरेशन सिंदूर के लोगो को फूलों से सजाया जाएगा, वहीं इस वर्ष के निमंत्रण पत्र में भी इस लोगो को स्थान दिया गया है। इसके साथ ही निमंत्रण पत्र में जम्मू-कश्मीर में बने चिनाब ब्रिज का वॉटरमार्क भी होगा, जो देश की विकास यात्रा और नए भारत के निर्माण का प्रतीक है।

 

समारोह के दौरान दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ 50 सफाई कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक क्षेत्रीय कार्यालय से दो पुरुष और तीन महिला सफाई कर्मचारियों के नाम रक्षा मंत्रालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इन कर्मचारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी सम्मान समारोह में उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *